एनडीडीबी के अध्यक्ष एवं आईडीएफ की महानिदेशक के बीच भारत में विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन 2027 की मेजबानी हेतु समझौते का आदान-प्रदान

एनडीडीबी के अध्यक्ष एवं आईडीएफ की महानिदेशक के बीच भारत में विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन 2027 की मेजबानी हेतु समझौते का आदान-प्रदान
12 फरवरी 2026, नई दिल्ली: डॉ. मीनेश शाह, अध्यक्ष, राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी); बोर्ड सदस्य, अंतर्राष्ट्रीय डेयरी महासंघ (IDF) एवं सदस्य सचिव, आईडीएफ की भारतीय राष्ट्रीय समिति (INC-IDF) तथा सुश्री लॉरेंस राइकेन, महानिदेशक, आईडीएफ ने 12 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में आईडीएफ विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन 2027 की मेजबानी भारत में करने हेतु समझौते का आदान-प्रदान किया। यह कार्यक्रम इंडियन डेयरी एसोसिएशन के 52वें डेयरी उद्योग सम्मेलन में माननीय केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान तथा माननीय केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी एवं पंचायती राज राज्य मंत्री, प्रो. एस पी सिंह बघेल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह सम्मेलन INC-IDF द्वारा 16 से 19 नवंबर 2027 तक जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर (JWCC), मुंबई में आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के एजेंडा में आईडीएफ बोर्ड, महासभा तथा विभिन्न तकनीकी समितियों की बैठकें शामिल होंगी। इस आयोजन में विश्वभर से 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है, जो अंतर्राष्ट्रीय डेयरी बाजार के अधिकांश हिस्से का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन प्रतिभागियों में नीति-निर्माता, डेयरी किसान, सहकारी संस्थाएं, प्रोसेसर, शोधकर्ता, वित्तीय संस्थान, स्टार्ट-अप्स तथा टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स शामिल होंगे।
14 अक्तूबर 2024 को पेरिस में आयोजित 118वीं महासभा में सदस्यों ने भारत को विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन 2027 की मेजबानी प्रदान करने के पक्ष में मतदान किया। इससे पूर्व, भारत ने 2022 में दिल्ली-एनसीआर में आईडीएफ विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी, जिसका उद्घाटन भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा किया गया था।
आईडीएफ विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन (WDS), आईडीएफ का फ्लैगशिप वार्षिक कार्यक्रम है। यह वैश्विक मंच के रूप में कार्य करता है, जहां हितधारक वैश्विक डेयरी परिदृश्य की समीक्षा करते हैं, तकनीकी एवं नीतिगत विषयों पर चर्चा करते हैं तथा क्षेत्र के लिए रणनीतिक दिशा पर सहमति बनाते हैं। आईडीएफ एक अंतर्राष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन है, जो 1903 में स्थापना के बाद से लगभग 40 सदस्य देशों के साथ वैश्विक डेयरी समुदाय को एकजुट करता आ रहा है।