लद्दाख के लिए डेयरी क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम: माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने एनडीडीबी द्वारा प्रबंधित लद्दाख मिल्क फेडरेशन की अनेक किसानोन्मुख पहलों का उद्घाटन किया

लद्दाख के लिए डेयरी क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम: माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने एनडीडीबी द्वारा प्रबंधित लद्दाख मिल्क फेडरेशन की अनेक किसानोन्मुख पहलों का उद्घाटन किया
06 मई 2026, आणंद : मुख्य अतिथि, श्री अमित शाह, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने माननीय केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की उपस्थिति में 1 मई 2026 को लेह, लद्दाख में एनडीडीबी द्वारा प्रबंधित लद्दाख मिल्क फेडरेशन की विभिन्न किसानोन्मुख पहलों का उद्घाटन किया। श्री अमित शाह ने 10,000 लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले कारगिल डेयरी प्लांट का शिलान्यास किया, लेह मिल्क प्लांट के मूल्यवर्धित उत्पादों रूप में पनीर और दही को लॉन्च किया तथा अखिल भारतीय स्तर पर एंड्रॉइड आधारित स्वचालित दुग्ध संकलन प्रणाली (AMCS) को भी लॉन्च किया। उन्होंने दूध एवं दुग्ध उत्पादों के लिए एक मोबाइल प्रयोगशाला को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कारगिल में कंटेनराइज्ड बल्क मिल्क कूलर (BMC) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मदर डेयरी फ्रूट एंड वेजिटेबल प्राइवेट लिमिटेड और लद्दाख मिल्क फेडरेशन के बीच एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत लद्दाख में मदर डेयरी के गैर-प्रतिस्पर्धी उत्पादों की आपूर्ति और खुदरा वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। वर्ष 2025–26 के शीर्ष पांच सर्वाधिक दूध आपूर्ति करने वाले उत्पादकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और दुग्ध उत्पादन में निरंतर श्रेष्ठता के लिए सम्मानित भी किया गया।
श्री विनय कुमार सक्सेना, माननीय उपराज्यपाल, यूटी लद्दाख; प्रो. एस पी सिंह बघेल, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज; श्री जॉर्ज कुरियन, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा अल्पसंख्यक कार्य; हाजी मोहम्मद हनीफा जान, माननीय सांसद, लद्दाख; श्री आशीष कुंद्रा, मुख्य सचिव, यूटी लद्दाख; सुश्री वर्षा जोशी, अपर सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, भारत सरकार तथा डॉ मीनेश शाह, अध्यक्ष, एनडीडीबी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी सहकारी मॉडल के तहत आज महत्वपूर्ण पहलें शुरू की गई हैं। कारगिल के डेयरी क्षमता को विस्तारित करने के लिए कारगिल में एक आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण संयंत्र का शिलान्यास किया गया, जिससे स्थानीय परिवारों की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। उन्होंने प्रमुख पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि इनमें एक मोबाइल परीक्षण प्रयोगशाला की तैनाती, लेह संयंत्र में चीज और दही का शुभारंभ, कारगिल में 4 केएल बीएमसी की स्थापना और एएमसीएस के तहत एनडीडीबी के एंड्रॉइड-आधारित मोबाइल डीसीएस ऐप के माध्यम से गांव स्तरीय दूध संकलन शामिल हैं। श्री अमित शाह ने कहा कि लद्दाख मिल्क फेडरेशन और मदर डेयरी के बीच अनुबंध लद्दाख को राष्ट्रीय बाज़ारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य की योजनाओं में लेह में 50,000 लीटर प्रतिदिन का डेयरी प्रसंस्करण संयंत्र, बछड़ी पालन केंद्रों की स्थापना और अगले 10 वर्षों में डेयरी विकास करने के उद्देश्य से उन्नत नस्लों की उपलब्धता शामिल है। उन्होंने एनडीडीबी को डेयरी नेटवर्क का विस्तार करने और दूध संकलन को 7,000 लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 21,000 लीटर/दिन करने का लक्ष्य निर्धारित करने का सुझाव दिया।
श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, माननीय केंद्रीय मंत्री मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज ने इस बात का उल्लेख किया कि लद्दाख में डेयरी क्षेत्र की वृद्धि को एनपीडीडी और एनएलएम जैसी योजनाओं का समर्थन प्राप्त है। “सहकार से समृद्धि” पर जोर देते हुए उन्होंने असंगठित दुग्ध उत्पादकों को डेयरी सहकारिताओं से जोड़ने का आह्वान किया और इस क्षेत्र में डेयरी एवं पशुपालन के लिए भारत सरकार के समर्थन की पुनः पुष्टि की। उन्होंने बताया कि श्वेत क्रांति 2.0 का उद्देश्य भारत के डेयरी क्षेत्र को आगे बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है। उन्होंने डेयरी क्षेत्र में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान का भी उल्लेख किया। मंत्री जी ने उत्पादकता और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ाने के लिए कृत्रिम गर्भाधान (AI) के व्यापक विस्तार तथा सेक्स-सॉर्टेड सीमन जैसी उन्नत प्रजनन तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।
डॉ. मीनेश शाह, अध्यक्ष, एनडीडीबी ने बताया कि 2022 में यूटी प्रशासन और एलएएचडीसी के साथ हुए त्रिपक्षीय एमओयू के बाद एनडीडीबी ने लद्दाख के डेयरी क्षेत्र में पेशेवर प्रबंधन और पारदर्शिता स्थापित की है। वर्ष 2023 की प्रमुख उपलब्धियों में लेह डेयरी संयंत्र का पुनरुद्धार तथा दुग्ध संकलन का विस्तार शामिल है, जो एक गांव के 74 किसानों से बढ़कर 28 गांवों के 1,700 किसानों तक पहुंच गया है, जिससे प्रतिदिन 7,000 लीटर दूध का संकलन हो रहा है। एनडीडीबी ने भारतीय सेना को ताजे दूध की आपूर्ति भी सुनिश्चित की, जबकि मदर डेयरी द्वारा फलों और सब्जियों का समावेशन बाजारों के विविधीकरण और लद्दाख की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ कर रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व, श्री अमित शाह ने प्रदर्शनी स्टॉलों का दौरा किया जिनमें लद्दाख में डेयरी सहकारिता, कृषि और स्थानीय आजीविका को सशक्त बनाने के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। एनडीडीबी और उसकी सहायक कंपनियों मदर डेयरी और आईडीएमसी लिमिटेड ने सहकारिता के सुदृढ़ीकरण के अपने प्रयासों को प्रदर्शित किया, जिसमें लद्दाख ओमा ब्रांड के सुदृढ़ीकरण तथा “फार्म-टू-कंज्यूमर” मॉडल पर जोर दिया गया। “पश्मीना: हेरिटेज ऑफ लद्दाख” स्टॉल में पारंपरिक शिल्पकला का प्रदर्शन किया गया, जबकि कृषि एवं बागवानी स्टॉल में लद्दाख के जैविक उत्पाद, मूल्यवर्धित वस्तुएं और जलवायु-अनुकूल पद्धतियां का प्रदर्शन किया गया।