IRMA School के Executive Board के अध्यक्ष नियुक्त हुए डॉ. मीनेश शाह

IRMA School के Executive Board के अध्यक्ष नियुक्त हुए डॉ. मीनेश शाह
8 जुलाई, 2026, आणंद: राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह को IRMA School के Executive Board की प्रथम बैठक में तीन वर्ष की अवधि के लिए Executive Board का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। "त्रिभुवन" सहकारी यूनिवर्सिटी नियमावली, 2025 की धारा 10(1) के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए Executive Board ने उनके नाम की अनुशंसा की।
यह सम्मान डेयरी क्षेत्र तथा इससे संबद्ध क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और महत्वपूर्ण योगदान का द्योतक है। इस अवसर पर डॉ. मीनेश शाह ने कहा,“ यह दायित्व स्वीकार करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं सहकारिताओं को और अधिक सशक्त बनाने तथा सस्टेनेबल नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूंगा। मुझे विश्वास है कि IRMA अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को प्रेरित करता रहेगा तथा ऐसे सक्षम प्रोफेशनल तैयार करेगा, जो ग्रामीण विकास से जुड़ी नई चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें । ”
डॉ. मीनेश शाह भारत के प्रमुख सहकारिता-आधारित विकास संगठनों में से एक का नेतृत्व करते हैं और ग्रामीण किसानों के कल्याण और समृद्धि को बढ़ाने के लिए पूरी लगन से काम करते हैं । वे एनडीडीबी की प्रमुख सहायक कंपनियों - मदर डेयरी, आईडीएमसी लिमिटेड, इंडियन इम्यूनोलॉजिकल्स लिमिटेड, एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज, एनडीडीबी मृदा लिमिटेड और एनडीडीबी काफ लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। वे भारतीय राष्ट्रीय सहकारी डेरी फेडरेशन (NCDFI) और राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष हैं, साथ ही कई प्रमुख संस्थानों के गवर्निंग बोर्ड के सदस्य भी हैं। डॉ. शाह अंतर्राष्ट्रीय डेयरी महासंघ (IDF) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य और आईडीएफ की इंडियन नेशनल कमिटी के सदस्य सचिव भी हैं।
चार दशकों से अधिक समय से डॉ. शाह भारत के डेयरी क्षेत्र के कायाकल्प, उसे सुदृढ़ बनाने, वैश्विक स्तर पर उसकी पहचान स्थापित करने तथा समावेशी विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नवाचार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने सतत् विकास को बढ़ावा दिया है, कार्यप्रणाली की दक्षता में वृद्धि की है तथा डेयरी किसानों की आजीविका को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

