पनीर, चीज, स्प्रेड और अचार

पनीर / लंबी-लाइफ पनीर

पनीर सबसे लोकप्रिय पारंपरिक दूध उत्पादों में से एक है। इसका उत्पादन दूध को ऊष्मा एवं एसिड स्कंदन प्रक्रिया द्वारा प्रोसेसिंग करके किया जाता है। पनीर का पूरे देश में बड़े पैमाने पर उपभोग किया जाता है।

एनडीडीबी ने डेरी संयंत्रों में लॉन्ग-लाइफ पनीर के उत्पादन की एक प्रक्रिया विकसित की है, जिसमें विशिष्ट उपकरणों जैसे वैट, पनीर हुप्स, पनीर प्रेस, आदि स्थापित करने के लिए कुछ निवेश की आवश्यकता होती है। इस प्रक्रिया से प्राप्त उत्पाद को पॉलीफ़िल्म में पैक किए जाने पर इसकी उपयोग अवधि (शेल्फ-लाइफ) 8° सेल्सियस पर 7 दिन, 4° सेल्सियस पर 45 दिन, तथा -18° सेल्सियस तथा उससे कम तापमान पर 6 महीने है।

पनीर-अचार

अचार बनाना खाद्य पदार्थ संरक्षण के प्राचीन तरीकों में से एक है जो की फलों, सब्जियों आदि को संरक्षित करने के लिए अपनाया जाता है। अचार समान्यतः लंबी उपयोग अवधि  का उत्पाद है।

पनीर-अचार शाकाहारियों को पशु-प्रोटीन समृद्ध खाद्य उपलब्ध करवाता है। साथ ही यह पनीर की उपयोग अवधि  (शेल्फ- लाइफ) बढ़ाने का तरीका भी है।

एनडीडीबी ने पारंपरिक मसालों और तेलों के उपयोग से पनीर बनाने के लिए प्रक्रिया मानकीकृत की है। पनीर उत्पादन सुविधा वाले डेरी संयंत्र, न्यूनतम निवेश के साथ इस प्रक्रिया को अपना सकते हैं। पॉलिथीन पाउच या कांच / पॉलीप्रोपाइलीन जार में पैक किए जाने पर सामान्य तापमान पर उत्पाद की उपयोग अवधि  (शेल्फ- लाइफ) 6 महीना है।

चेड्डर चीज़

चेड्डर चीज़ की शुरुआत ब्रिटेन के समरसेट स्थित चेड्डर नामक गांव में हुई  थी। यह प्राकृतिक और सख्त किस्म का चीज़ है जो कि  एंजाइमेटिक स्कंदन और परिपक्वीकरण वाली एक बहु-चरणीय प्रक्रिया द्वारा विनिर्मित होता  है। उपभोक्ता की स्वाद संबंधित प्राथमिकता के आधार पर चीज़ की परिपक्वता अवधि 3 महीने से लेकर कई वर्षों तक हो सकती है।

चेड्डर चीज़ को ऐसे ही खाया जा सकता है या फिर प्रसंस्कृत चीज़ के विनिर्माण हेतु कच्चे माल के रूप में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

परंपरागत रूप सेचेड्डर चीज़ गाय के दूध के उपयोग द्वारा विनिर्मित होता है। एनडीडीबी ने एक प्रक्रिया को मानकीकृत किया है जिसमें भैंस के  दूध या गाय और भैंस के मिश्रित दूध का उपयोग चेड्डर चीज़ के निर्माण के लिए किया जा सकता है।

मोज़रेल्ला चीज़

मोज़रेल्ला चीज़ भैंस के दूध से बना एक इटैलियन किस्म का  चीज़ है। यह चीज़ सफेद, मुलायम एवंहल्का-सा नमकीन होता है और गरम करने पर उसमें लंबान का विशिष्ट गुण आ जाता है। मोज़रेला चीज़ व्यापक रूप से एक पिज्जा टॉपिंग के रूप में और कई पास्ता और सलाद व्यंजनों में प्रयोग किया जाता है।

एनडीडीबी ने डेरी संयंत्र स्तर पर मोज़रेला चीज़ की उत्पादन प्रक्रिया को मानकीकृत किया है। डेरी संयंत्र में इसके  उत्पादन के लिए मामूली निवेश की आवश्यकता है क्योंकि इसमें चीज़ वैट, स्ट्रेचिंग मशीन इत्यादि सहित प्रसंस्करण लाइन की स्थापना की आवश्यकता होती  है। चेड्डर  चीज़ का  उत्पादन करने वाले डेरी सन्यंत्रों को इसके उत्पादन हेतु न्यूनतम निवेश की आवश्यकता है। -18° सेल्सियस या उससे कम तापमान पर भंडारण किए जाने पर उत्पाद की उपयोग अवधि (शेल्फ- लाइफ) 6 महीने है।

चस्का स्प्रेड

चस्का स्प्रेड, छेना (फ्रेश सॉफ्ट चीज) और मस्का (संकेन्द्रित दही/ ग्रीक योगहर्ट) के मिश्रण से निर्मित अनूठा डेरी बेस्ड स्प्रेड है। इसका उपयोग ब्रेड, रोटियों पर स्प्रेड और बिस्कुट, क्रेकर्स, नाचो इत्यादि के लिए डिप के रूप में किया जा सकता है।

इसमें प्रोटीन की मात्रा ज्यादा ~11% होती है, जो व्यावसायिक रूप से उपलब्ध मार्जरीन, मेंयोनेज़, फेट-स्प्रेड, पिनट स्प्रेड, चॉकलेट स्प्रेड और चीज स्प्रेड की तुलना में इसके बराबर या उससे अधिक है। उत्पाद में वसा और प्रोटीन, अल्प मात्रा को छोड़कर जो कि डाले गए मसालों / स्वादिष्ट पदार्थों से आ सकते हैं, डेरी स्रोत से उपलब्ध होते हैं।

पॉलीप्रोपाइलीन कप में पैक और 4°C पर संग्रहीत उत्पाद की शेल्फ लाइफ 2 महीने की होती है।

यह उत्पाद अतिरिक्त निवेश के बिना, छेना / पनीर और दही / मस्का उत्पादों के विनिर्माण के मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करके, डेरी / खाद्य इकाइयों के उत्पाद प्रोफाइल में विविधता लाने में मददगार हो सकता है।

इनके अलावा, ऐसे डेरी प्रसंस्करण संयंत्र, जिसके पास परिपक्व (रायपंड) चीज की बनाने या खरीदने की संभावना नहीं है, वे इस उत्पाद का निर्माण न्यूनतम निवेश के साथ प्रोसेसेड़ चीज स्प्रेड के विकल्प के रूप में कर सकते हैं।

प्रोसेस्ड चीज़ स्प्रेड

प्रोसेस्ड चीज़ स्प्रेड को अलग-अलग अवधि  और परिपक्वता श्रेणी के  प्राकृतिक चीज़ों को सम्मिश्रित कर इमल्सीफाइंग साल्ट्स की उपस्थिति में गरम करके तैयार किया जाता है। एनडीडीबी के पास प्रोसेस्ड चीज़ स्प्रेड के उत्पादन हेतु मानकीकृत प्रौद्योगिकी उपलब्ध है। 8° सेल्सियस या उससे कम तापमान पर भंडारण करने पर उत्पाद की उपयोग अवधि (शेल्फ- लाइफ) 6महीने है ।